ट्रांसफार्मरों के नीचे लगी दुकानें बनीं खतरे की वजह, हादसे की आशंका!
कोईलवर। नगर क्षेत्र में बिजली के ट्रांसफार्मरों के नीचे और उनके आसपास संचालित हो रही चाट, छोले, फल-सब्जी समेत अन्य अस्थायी दुकानें लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही हैं। कपिलदेव चौक के समीप सुरौधा कॉलोनी, स्टेशन रोड के पास, कोईलवर चौक समेत कई स्थानों पर ट्रांसफार्मरों के ठीक नीचे या बेहद करीब दुकानें संचालित हो रही हैं। ऐसे में किसी भी समय विद्युत दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इन स्थानों पर दुकानदार और ग्राहक घंटों ट्रांसफार्मर के आसपास मौजूद रहते हैं। वहीं, ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी, तेल का रिसाव या अचानक स्पार्किंग होने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है। इसके अलावा हाईटेंशन तारों के समीप लगे इंसुलेटर में लीकेज होने पर आसपास के क्षेत्र में बिजली का करंट प्रवाहित होने का खतरा भी बना रहता है।
कोईलवर पावर सब स्टेशन के कनीय अभियंता प्रभात कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर और हाईटेंशन विद्युत उपकरणों के आसपास पर्याप्त सुरक्षित दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर के आसपास कम से कम 10 से 15 मीटर की सुरक्षित दूरी रखी जानी चाहिए। इसके बावजूद कई स्थानों पर दुकानें ट्रांसफार्मर के नीचे और सम्मुख लग रही हैं, जो किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में जान-माल के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकती हैं।
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ट्रांसफार्मर में खराबी आने पर तेज आवाज के साथ ब्लास्ट या आग लगने जैसी घटना हो सकती है। ऐसी स्थिति में आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ सकते हैं। खासकर भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों में खतरा और अधिक बढ़ जाता है।
हाल के दिनों में पटना कोर्ट परिसर में हुए ब्लास्ट जैसी घटनाओं ने भी सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और संभावित खतरों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि पटना कोर्ट की घटना का स्वरूप अलग था, लेकिन ऐसी घटनाओं से सबक लेते हुए भीड़भाड़ वाले स्थानों पर किसी भी संभावित खतरे को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग और नगर प्रशासन से मांग की है कि ट्रांसफार्मरों के नीचे तथा निर्धारित सुरक्षा सीमा के भीतर लगने वाली दुकानों को हटाया जाए और दुकानदारों को सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी विद्युत दुर्घटना से बचा जा सके। विभाग की ओर से भी लोगों से अपील की गई है कि ट्रांसफार्मर और हाईटेंशन लाइन के आसपास अनावश्यक भीड़ या दुकानें न लगाएं और निर्धारित सुरक्षा दूरी का पालन करें।
What's Your Reaction?
Like
2
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
1