बबुरा में बड़ी आपराधिक साजिश नाकाम, कुख्यात बालू माफिया पुटुस समेत चार गिरफ्तार!
भोजपुर। बबुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को नाकाम करते हुए कुख्यात बालू माफिया पुटुस उर्फ रवि कुमार समेत चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ और बबुरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बिंदगांवा सोन किनारे जोगा बाबा मंदिर के पास छापेमारी कर चारों को दबोचा। गिरफ्तार बदमाशों के पास से दो 315 बोर की राइफल, एक देसी कट्टा, नौ जिंदा कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कोईलवर थाना क्षेत्र के महादेव चक सेमरिया निवासी शकलु राय के पुत्र पुटुस उर्फ रवि कुमार, बबुरा थाना क्षेत्र के सेमरा निवासी राम सहाय राय के पुत्र अखिलेश कुमार, गीधा के वीरमपुर निवासी जीतेंद्र राय के पुत्र संजीत कुमार और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महकमपुर बारा निवासी रवि शंकर राय के पुत्र छोटू यादव के रूप में हुई है।
बालू माफिया गुड्डू राय का करीबी बताया गया पुटुस
पुलिस के अनुसार पुटुस उर्फ रवि कुमार कुख्यात बालू माफिया गुड्डू राय का करीबी और दाहिना हाथ है। गुड्डू राय के जेल जाने के बाद गिरोह की गतिविधियों को पुटुस ही संभाल रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक पुटुस के खिलाफ कोईलवर और नगर थाना में हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, लूट और अवैध खनन से जुड़े 13 मामले दर्ज हैं। वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है। वहीं, संजीत कुमार और छोटू यादव का भी आपराधिक इतिहास पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज बताया गया है।
पुलिस को मंगलवार की रात सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी हथियारों के साथ बिंदगांवा सोन किनारे जुटे हैं और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। बताया गया कि बदमाश अवैध बालू खनन में लगे लोगों और नाविकों से हथियार के बल पर रंगदारी वसूलने की फिराक में थे।
सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। एसटीएफ के सहयोग से टीम ने जोगा बाबा मंदिर के पास सोन किनारे घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों में अफरातफरी मच गई, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए चारों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने हथियार, नौ जिंदा कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों तथा उनकी आपराधिक गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद चारों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
एसडीपीओ रंजीत कुमार सिंह ने पुटुस उर्फ रवि कुमार को कुख्यात अपराधी और बालू माफिया बताते हुए कहा कि पुलिस की इस कार्रवाई से सोन क्षेत्र में अवैध खनन और रंगदारी से जुड़ी आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0