कोईलवर में ज्ञान ज्योति जूनियर स्कूल का भव्य शुभारंभ, जरूरतमंद बच्चों के बीच स्कूल बैग का वितरण
खेवनहार फाउंडेशन का पहला ज्ञान ज्योति केंद्र समाज को समर्पित, बच्चों को मुफ्त स्कूल बैग एवं स्टेशनरी का वितरण
कोईलवर, भोजपुर।
बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के भविष्य को संवारने की दिशा में खेवनहार फाउंडेशन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। फाउंडेशन द्वारा संचालित एवं वित्तपोषित ज्ञान ज्योति जूनियर स्कूल, कोईलवर का भव्य शुभारंभ शनिवार 26 सितम्बर को समारोहपूर्वक किया गया। यह केंद्र खेवनहार फाउंडेशन का पहला ज्ञान ज्योति केंद्र है, जिसे समाज के सहयोग से समाज के लिए समर्पित किया गया।
विद्यालय का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी बीरबहादुर पाठक ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. बिजेंद्र प्रसाद गुप्ता, सचिव शशि शेखर चौधरी, प्रफुल्ल शेखर, बीस सूत्री अध्यक्ष संजीत रजक सहित गणमान्य नागरिक, अभिभावक, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता तथा सैकड़ों बच्चे उपस्थित रहे।
बच्चों को मिला शिक्षा सामग्री का सहयोग
शुभारंभ के अवसर पर जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुफ्त स्कूल बैग एवं स्टेशनरी सामग्री उपलब्ध कराई गई। स्टेशनरी किट में बच्चों की पढ़ाई के लिए आवश्यक कॉपी, पेन, पेंसिल, रबर, शार्पनर एवं अन्य उपयोगी शैक्षणिक सामग्री शामिल रही। फाउंडेशन की ओर से कहा गया कि आर्थिक अभाव किसी बच्चे की पढ़ाई में बाधा न बने, इसी सोच के साथ शिक्षा सहयोग की यह पहल शुरू की गई है।
समाज के सहयोग से शिक्षा का विस्तार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि ज्ञान ज्योति जूनियर स्कूल केवल एक विद्यालय नहीं, बल्कि शिक्षा के माध्यम से सामाजिक बदलाव का प्रयास है। संस्था का लक्ष्य ऐसे बच्चों तक शिक्षा की पहुंच बनाना है, जिनके परिवार आर्थिक कठिनाइयों के कारण बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा पाते।
फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. बिजेंद्र प्रसाद गुप्ता और सचिव शशि शेखर चौधरी ने कहा कि संस्था शिक्षा, कौशल विकास और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में स्थानीय लोगों के सहयोग से लगातार कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।
आगे कई क्षेत्रों में विस्तार की योजना
खेवनहार फाउंडेशन की ओर से भविष्य में ज्ञान ज्योति केंद्रों का विस्तार, जरूरतमंद बच्चों को शैक्षणिक सामग्री एवं शिक्षा सहयोग, प्रतिभा खोज अभियान, कौशल प्रशिक्षण, युवा एवं महिला सशक्तिकरण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी गतिविधियों को आगे बढ़ाने की योजना पर काम करने की बात कही गई।
संस्था का उद्देश्य है कि शिक्षा और कौशल के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिले तथा समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग तक विकास की सुविधाएं पहुंचें।
कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन ने अभिभावकों, स्थानीय नागरिकों, शिक्षकों एवं समाज के सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ज्ञान ज्योति की यह शुरुआत आने वाले समय में शिक्षा के व्यापक अभियान का आधार बनेगी।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0