कोईलवर जनसंवाद में उमड़ी भीड़, सड़क, अंडरपास, रेलवे ठहराव और स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग उठी
कोईलवर/भोजपुर, 15 सितंबर 2026: आरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कॉ. सुदामा प्रसाद ने मंगलवार को कोईलवर थाना चौक स्थित देवी स्थान में प्रखंड स्तरीय जनसंवाद कार्यक्रम किया। कार्यक्रम में कोईलवर प्रखंड के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने स्थानीय समस्याओं और विकास से जुड़ी मांगों को सांसद के सामने रखा।
जनसंवाद के दौरान कोईलवर थाना चौक से मानसिक अस्पताल तक सड़क निर्माण, आरा-पटना फोरलेन पर गिद्धा गांव में अंडरपास निर्माण, कब्रिस्तान की घेराबंदी तथा कोईलवर रेलवे स्टेशन पर आरा-सासाराम फास्ट पैसेंजर और इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
अस्पताल में डॉक्टर और दवाओं की कमी का मुद्दा
लोगों ने कोईलवर प्रखंड स्तरीय अस्पताल में पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों की नियुक्ति और जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग भी सांसद के सामने रखी। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने की आवश्यकता जताई।
वहीं, खेताड़ी मोहल्ला, कोईलवर में लंबे समय से बनी जाम की समस्या को लेकर भी लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। जनसंवाद में मौजूद लोगों ने कहा कि जाम के कारण लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने हाल में एक छात्र के पैर कटने की घटना का भी उल्लेख करते हुए यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की।
सरकार की नीतियों पर सांसद ने साधा निशाना
जनता की समस्याएं सुनने के बाद सांसद कॉ. सुदामा प्रसाद ने केंद्र और बिहार सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोक कल्याणकारी योजनाओं पर पर्याप्त राशि खर्च नहीं कर रही है और उसका जोर बड़े प्रचार एवं घोषणाओं पर अधिक है।
सांसद ने कहा कि बिहार में संवेदक अपने बकाया भुगतान की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब विकास कार्यों के लिए बजट का प्रावधान किया जाता है, तो जनता के विकास के लिए आवंटित राशि का पूरा उपयोग क्यों नहीं हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता के हित में खर्च करने के बजाय बड़े कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचा रही है। अपने संबोधन में उन्होंने जी न्यूज के सुभाष चंद्रा से जुड़े करीब 2,200 करोड़ रुपये के ऋण के कथित तौर पर करीब 6 करोड़ रुपये में निपटारे का भी उल्लेख किया। सांसद ने कहा कि देश का बजट आम जनता, किसानों, मजदूरों, छात्रों, नौजवानों और गरीबों के हित में खर्च होना चाहिए।
समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष उठाने का आश्वासन
सांसद ने कहा कि आने वाले दिनों में जनता अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं के लिए जवाब मांगेगी। उन्होंने कहा कि छात्रों और नौजवानों ने इसकी शुरुआत कर दी है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरा लोकसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार प्रयास करते रहेंगे। जनसंवाद के माध्यम से सामने आई समस्याओं को संबंधित विभागों और प्रशासन के समक्ष उठाकर उनके समाधान की दिशा में पहल की जाएगी।
कार्यक्रम में कोईलवर प्रखंड सचिव विष्णु ठाकुर, माले जिला कमिटी सदस्य भोला यादव, सांसद के निजी सहायक चंदन कुमार, सूरज कुमार, कोईलवर के पूर्व चेयरमैन वीरमनु यादव, मिथलेश यादव, सुबोध यादव, वार्ड सदस्य लडन जी, माले नेता सुरेश सिंह, चंदेश्वर राम, मनोज यादव, लाला जी, दूधनाथ पासवान, कन्हैया कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0