स्कूल से लौट रहे 13 वर्षीय किशोर की नदी में डूबने से मौत!

Aug 16, 2026 - 20:28
 0  1
स्कूल से लौट रहे 13 वर्षीय किशोर की नदी में डूबने से मौत!

भोजपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूल में झंडोत्तोलन के बाद घर लौट रहे 13 वर्षीय किशोर की नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसा शनिवार को गीधा थाना क्षेत्र के ज्ञानपुर गांव के समीप हुआ। मृतक की पहचान कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के नया खवासपुर निवासी मनोज बिन के पुत्र सागर कुमार (13) के रूप में हुई है। वह पांचवीं कक्षा का छात्र था और बचपन से ही अपने ननिहाल ज्ञानपुर में रहकर पढ़ाई करता था।

परिजनों के अनुसार, सागर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर स्कूल में झंडोत्तोलन कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह वापस लौट रहा था। इसी दौरान ज्ञानपुर पुल पर रेलिंग नहीं होने के कारण उसका पैर फिसल गया और वह नदी में जा गिरा। पानी में डूबने से उसकी हालत गंभीर हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से काफी प्रयास के बाद सागर को नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

सागर चार भाई-बहनों में तीसरे स्थान पर था। उसके परिवार में मां उषा देवी, भाई गोलू कुमार और हिमांशु कुमार तथा बहन सरिता कुमारी हैं। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां उषा देवी समेत परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों ने ज्ञानपुर पुल पर रेलिंग नहीं होने को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Shyamji Aryan Myself Shyam Babu, a journalist with over a decade of experience in the field of journalism. I started my journalism career in 2015 and have since worked with various newspapers and media platforms. Over the years, I have gained extensive experience in ground reporting, news writing, interviewing, field reporting and covering local, social, civic and public-interest issues. My approach to journalism is based on accuracy, fairness and responsible reporting. I believe that journalism is not only about reporting news but also about bringing people's issues to the forefront and giving a voice to the community. With years of field experience, I continue to work with dedication to provide credible, factual and meaningful news to readers and viewers.