जलस्तर बढ़ने से ज्ञानपुर गांव बना टापू, दो हजार से अधिक आबादी प्रभावित!
कोईलवर/भोजपुर। गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर ने कोईलवर प्रखंड क्षेत्र में लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। कायमनगर पंचायत का ज्ञानपुर गांव चारों तरफ से बाढ़ के पानी से घिरकर टापू में तब्दील हो गया है। गांव को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाली सड़कों पर पानी भर जाने के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। इससे गांव की दो हजार से अधिक आबादी सीधे प्रभावित बताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, केशोपुर की तरफ से गंगा का पानी दक्षिण दिशा में तेजी से फैलते हुए ज्ञानपुर गांव तक पहुंच गया। इसके साथ ही कुसम्ही और गांगी नदी के पानी के कारण भी आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। गांव को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर करीब दो से तीन फीट पानी बह रहा है, जबकि एनएच की ओर जाने वाली सड़क पर पानी की गहराई डूबने जितना पहुंच गई है।
सड़क पर पानी, आवागमन पूरी तरह ठप
ज्ञानपुर से आरा जाने वाले मुख्य संपर्क मार्ग पर पानी चढ़ जाने से वाहनों का परिचालन बंद हो गया है। ग्रामीणों को जरूरी काम के लिए गहरे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी छात्रों, किसानों, नौकरीपेशा लोगों और बुजुर्गों को हो रही है। गांव के लोगों का कहना है कि सड़क पर पानी का बहाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे स्थिति और गंभीर होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय ग्रामीण सितानंद पासवान, मनेजर पासवान, अकलु बिन्द और विनोद यादव ने बताया कि केशोपुर की ओर से पानी लगातार ज्ञानपुर की तरफ बढ़ता गया और देखते ही देखते गांव चारों तरफ से पानी से घिर गया। मुख्य रास्तों पर पानी भरने के कारण गांव का संपर्क लगभग कट गया है।
फसल बर्बाद, चारे और राशन का संकट
बाढ़ के पानी से गांव के निचले इलाकों में लगी सब्जियों की फसलें पूरी तरह प्रभावित हुई हैं। किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, गांव के चारों ओर पानी फैलने के कारण पशुपालकों के सामने मवेशियों के चारे की समस्या भी खड़ी हो गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के टापू में तब्दील होने के बाद रोजमर्रा की जरूरत का सामान लाने में भी परेशानी हो रही है। राशन, दवा और अन्य जरूरी सामान के लिए लोगों को बाहर निकलने में काफी जोखिम उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों को अब प्रशासन से राहत और सुरक्षित आवागमन के लिए नाव की व्यवस्था की उम्मीद है।
ग्रामीण सितानंद पासवान, बीरेंद्र पासवान, मनेजर पासवान, भोला बिंद और राहुल कुमार समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से तत्काल मदद की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पानी का स्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। ऐसे में गांव में नाव की व्यवस्था, जरूरी दवाओं और खाद्य सामग्री की उपलब्धता तथा प्रभावित परिवारों के लिए राहत की तत्काल जरूरत है। बाढ मे जहरीले जन्तु भी घर मे घुस रहे हैं।
फिलहाल ज्ञानपुर गांव के लोग बाढ़ के पानी के बीच मुश्किल हालात में जीवन गुजारने को मजबूर हैं और प्रशासनिक स्तर से गांव पर नजर रखी जा रही है तथा जायजा लिया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
