कोईलवर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर मनाया गया पीएम मोदी का जन्मदिन, चला स्वच्छता अभियान!
कोईलवर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को कोईलवर नगर पंचायत क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर दीपोत्सव एवं सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया। आरा-पटना फोरलेन पर शाम करीब 6 बजे कोईलवर नगर पंचायत अध्यक्ष संजीत कुमार रजक के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा पटना महानगर प्रभारी प्रेम रंजन चतुर्वेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों द्वारा विभिन्न सेवा कार्य, स्वच्छता अभियान तथा गरीब कल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शाम 6 से 7 बजे के बीच लोगों ने अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा और जनभागीदारी से जोड़कर मनाया जा रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों में भी इस अवसर पर दीपोत्सव और प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया।
17 सितंबर से शुरू हुआ ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान
गौरतलब है कि केंद्र सरकार की ओर से 17 सितंबर से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के नए चरण की शुरुआत की गई है। अभियान के तहत शहरों, वार्डों और गांवों में स्वच्छता को लेकर विशेष गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इस बार अभियान में युवाओं की भागीदारी पर भी विशेष जोर दिया गया है। शैक्षणिक संस्थानों में ‘स्वच्छ पाठशाला’ जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष रंजीता सिंह, ऋतुराज, शेखर गुप्ता, महामंत्री अजित कुमार सिंह एवं चंदन निषाद, शक्ति केंद्र प्रमुख श्याम प्रकाश बिन्द और जनार्दन पासवान समेत समद अंसारी, राकेश शर्मा, कोशिला देवी, शांति देवी, रमाकांत कुशवाहा, लालबाबू पासवान, शैल कुमार पासवान, महेंद्र सिंह, जीतेन्द्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कोईलवर प्रखंड परिसर में भी चला स्वच्छता अभियान
इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत गुरुवार को कोईलवर प्रखंड परिसर में भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी वीर बहादुर पाठक के नेतृत्व में आयोजित अभियान में प्रखंड कर्मियों, स्वच्छताग्राहियों और अन्य लोगों ने भाग लिया।
इस दौरान बीडीओ वीर बहादुर पाठक ने स्वयं हाथ में झाड़ू लेकर प्रखंड कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का सपना था कि देश स्वच्छ और स्वस्थ बने। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ दूसरों को भी जागरूक करना होगा।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए स्वच्छ वातावरण जरूरी है। स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक और सामूहिक जिम्मेदारी है।
बीडीओ ने बताया कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम दो अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान प्रमुख स्थानों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई, सफाई मित्रों के लिए सुरक्षा शिविर तथा जनभागीदारी से स्वच्छता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा। अभियान में ‘स्वच्छता से समृद्धि’ की थीम को भी प्रमुखता दी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0