धर्मकांटों की आड़ में बालू के अवैध कारोबार का आरोप, 20 के खिलाफ मामला दर्ज!
चांदी। चांदी थाना क्षेत्र में धर्मकांटों की आड़ में बालू के कथित अवैध कारोबार का मामला सामने आया है। चांदी चौक से भदवर गांव के बीच करीब छह किलोमीटर की दूरी में 20 से अधिक धर्मकांटा संचालित होने की बात सामने आई है। आरोप है कि इन धर्मकांटों का इस्तेमाल केवल वाहनों का वजन करने के बजाय ओवरलोडेड बालू लदे ट्रकों से बालू की कटिंग कर उसे ट्रैक्टर एवं अन्य वाहनों के माध्यम से चोरी-छिपे बेचने में किया जा रहा है।
बताया गया कि इस मामले को लेकर चांदी थाना पुलिस एवं संबंधित विभाग की टीम द्वारा शनिवार को दिन में छापामारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 20 धर्मकांटों के विरुद्ध चांदी थाना में कांड संख्या 129/26 दर्ज किया गया है।
धर्मकांटा की आड़ में बालू कटिंग का आरोप
जानकारी के अनुसार धर्मकांटा संचालकों का मुख्य कार्य वाहनों में लदे सामान का वजन करना है। लेकिन आरोप है कि कई धर्मकांटों पर इसी की आड़ में ओवरलोडेड बालू लदे ट्रकों से बालू की कटिंग की जाती है। कटिंग की गई बालू को आसपास भंडारित करने के बाद ट्रैक्टर एवं अन्य वाहनों के जरिए अलग-अलग स्थानों पर बिक्री किए जाने का भी आरोप है।
स्थानीय स्तर पर यह गतिविधि लंबे समय से चलने की बात कही जा रही है। संबंधित संचालकों पर धर्मकांटा संचालन के लिए निर्धारित लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करने का भी आरोप है।
पहले भी दर्ज हो चुके हैं चार मामले
बताया गया कि इन धर्मकांटों के विरुद्ध पूर्व में भी चार कांड दर्ज किए जा चुके हैं। आरोप है कि पूर्व के मामलों में अधिरोपित शमन शुल्क का भुगतान किए बिना ही कुछ संचालकों द्वारा लगातार कारोबार किया जा रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों द्वारा अब इन धर्मकांटों के लाइसेंस निरस्त करने अथवा धर्मकांटों को सील करने की कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है। पूरे मामले में आगे की कार्रवाई संबंधित विभागीय जांच एवं पुलिस कार्रवाई के आधार पर की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0